सेमरी बाजार (सुल्तानपुर)। जयसिंहपुर के चोरमा गांव के पास शनिवार देर रात सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से एक बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था। हेलमेट होता तो जान बच सकती थी।
अंबेडकरनगर जिले के भीटी क्षेत्र के बौरा मठिया गांव निवासी रिंकू गिरी (28) शनिवार देर रात बाइक से जयसिंहपुर के बिरसिंहपुर बाजार जा रहे थे। चोरमा गांव के पास सामने खड़ी एक पिकअप में उनकी बाइक पीछे से टकरा गई। दुर्घटना में रिंकू गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से सेमरी चौकी इंचार्ज अविनाश चंद्र ने उन्हें एंबुलेंस से बिरसिंहपुर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। रिंकू की मौत की जानकारी मिलने के बाद से परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।