धनपतगंज (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर टीकर गांव के पास बुधवार रात बाइक सवार दंपती सड़क के किनारे टायर बना रहे ट्रक चालक समेत तीन लोगों से टकरा गए। दुर्घटना में पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें कूरेभार सीएचसी पर भर्ती कराया गया। बाइक सवार ने हेलमेट पहन रखा था।
आगरा जिले के समसाबाद निवासी करमवीर सिंह बुधवार रात पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते से ट्रक लेकर बिहार से लखनऊ की ओर जा रहे थे। ट्रक करमवीर सिंह चला रहे थे। ट्रक में जयसिंहपुर के देवपारा निवासी सुनील कुमार अग्रहरि व कृष्णकुमार भी सवार थे। धनपतगंज क्षेत्र के टीकर गांव के पास ट्रक का अगला टायर फट गया।
ट्रक रोक कर तीनों व्यक्ति टायर बदलने लगे। खराब टायर को सड़क पर रख दिया। तभी बाइक से पश्चिम बंगाल के दासनगर निवासी देवदत्ता व उनकी पत्नी मोमिता पाल बिहार से लखनऊ की ओर जा रहे थे। अंधेरे होने से टायर से टकरा गए। बाइक बेकाबू होने पर दोनों गिर पड़े। बाइक से टकराकर ट्रक ड्राइवर करमवीर सिंह, सुनील कुमार अग्रहरि व कृष्ण कुमार भी घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी परमात्मा सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार पहुंचाया।