सुल्तानपुर। जिले के 21,769 जॉब कार्डधारकों को मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार नहीं दिलाया जा सका। रोजगार में कमी पाए जाने के बाद ग्राम्य विकास आयुक्त ने नाराजगी जताई तो उपायुक्त मनरेगा ने सभी खंड विकास अधिकारियों को नोटिस जारी कर कारण बताने को कहा है।
जनवरी में पिछले महीने के कार्यों की समीक्षा हुई तो सामने आया कि 100 दिन का रोजगार देने में विकास खंड अधिकारियों ने लापरवाही की है। समीक्षा में 14 विकास खंडों के 21,769 मनरेगा जॉब कार्डधारकों को सिर्फ 81 से 99 दिन तक काम दिया जाना पाया गया। इन जाॅब कार्डधारकों को 100 दिन का काम नहीं देने पर पिछले दिनों ग्राम्य विकास आयुक्त ने ऑनलाइन वीसी में नाराजगी जताई थी।
उन्होंने 100 दिन का काम जनवरी में ही देकर पूरा करने का निर्देश दिया है। चेतावनी के बाद धीमी प्रगति पर मनरेगा के उपायुक्त ने सभी 14 खंड विकास अधिकारियों पर शिकंजा कस दिया है। उन्होंने सभी को नोटिस जारी कर 31 जनवरी तक अपने ब्लॉकों के 81 से 99 दिन के बीच पूर्व में काम पा चुके जॉब कार्डधारकों को 100 दिन का काम देने का निर्देश दिया है।
नोटिस के बाद खंड विकास अधिकारी सकते में आ गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, अभी तक जिले में 6,311 जॉब कार्डधारकों को 100 दिन का मनरेगा कार्य दिया जा सका है।
बॉक्स
इतने जॉब कार्डधारकों को दिया जाना है 100 दिन का काम
अखंडनगर- 588
बल्दीराय-1743
भदैंया- 1019
धनपतगंज- 2072
दोस्तपुर- 2049
दूबेपुर- 1205
जयसिंहपुर- 1507
कादीपुर- 635
करौंदीकलां- 2704
कूरेभार- 2680
कुड़वार - 581
लंभुआ- 3054
मोतिगरपुर- 457
पीपीकमैचा- 1475
योग - 21,769
इनसेट
100 दिन का काम नहीं दे पाने वालों पर होगी कार्रवाई की संस्तुति
मनरेगा सेल के उपायुक्त केडी गोस्वामी ने बताया कि सभी खंड विकास अधिकारियों को नोटिस जारी करके जॉब कार्डधारकों को 100 दिन का काम जनवरी में पूरा करने का निर्देश दिया गया है। लक्ष्य पूरा नहीं करने वालों की सूचना उच्चाधिकारियों को देकर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।