फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: जानलेवा हमले में घायल बीडीसी ने दम तोड़ा

Sat, 21 Sep 2024 02:46 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के गोपालपुर बड़ागांव के पास बृहस्पतिवार की शाम विपक्षियों के हमले में घायल बीडीसी की ट्राॅमा सेंटर लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार को बीडीसी के पैतृक आवास मुड़हा पहुंचे पुलिस अधिकारियों को परिजनों के विरोध का सामना करना पड़ा। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर घटना के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया। इस मामले में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसमें पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन



मुड़हा निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य अवधेश सिंह व विपिन सिंह के बीच रंजिश चल रही है। बृहस्पतिवार को अवधेश अपने भतीजे शानू सिंह (सेना के जवान) के साथ दीवानी न्यायालय में पेशी के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि चाचा-भतीजे गोपालपुर बड़ागांव के पास पहुंचे थे। तभी विपिन और उसके साथियों ने दोनों लोगों पर लाठी-डंडों व सरिया से हमला कर दिया। हमले में अवधेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि भतीजा शानू मौके से जान बचाकर भाग निकला।


घायल बीडीसी अवधेश को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। बृहस्पतिवार देर रात अवधेश की ट्राॅमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम लखनऊ में कराया गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई। लोगों की भीड़ उनके पैतृक आवास पर एकत्र थी।
विज्ञापन

इसी बीच सीओ जयसिंहपुर प्रशांत सिंह मुड़हा गांव पहुंचे तो मृतक के परिजनों ने उन्हें खरी-खोटी सुनाई। परिजनों ने कहा कि उन लोगों ने पहले ही हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बृहस्पतिवार को घटनास्थल पर पुलिस मौजूद थी। मारपीट के दौरान पुलिस ने अवधेश को बचाने का प्रयास नहीं किया।


सीओ ने बताया कि मृतक के बड़े भाई रणधीर सिंह की तहरीर पर विपिन सिंह, रीशू सिंह, प्रिंस सिंह, ऋषभ सिंह, अमन सिंह निवासी मुड़हा थाना मोतिगरपुर व अर्जुन सिंह निवासी घूरीपुर कोतवाली कादीपुर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अर्जुन सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बीडीसी अवधेश सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी मौत से पत्नी रूबी सिंह, बड़ा बेटा शिवम, छोटा पुत्र कृष्णा सदमे में हैं। उनकी हत्या से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


उधर, मुड़हा गांव में पैतृक आवास पर शुक्रवार शाम करीब पांच बजे बीडीसी अवधेश का शव पहुंचा। इससे परिजनों में कोहरामच मच गया। परिजनों ने बताया कि परिवार के कई लोग पंजाब में रहते हैं जो देर रात घर पहुंचेंगे। शनिवार को सुबह गांव के बाहर निजी भूमि पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





शिकायत के बाद भी पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
अवधेश के बड़े भाई की पत्नी विजय लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि थाने में कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। वर्ष 2023 में केस भी दर्ज हुआ था। अवधेश सिंह ने 24 जुलाई को एसपी सुल्तानपुर को शिकायती पत्र भेजा था, जबकि दूसरा पत्र एक सितंबर को क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर को दिया था। बताया कि उसमें उन्होंने अपने पट्टीदार दानबहादुर सिंह, सत्यदेव सिंह, हृदय नारायण सिंह, गुरुबख्श सिंह, इंद्रसेन सिंह, प्रशांत सिंह, रीशू सिंह और अमन सिंह के साथ रंजिश का जिक्र किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें