दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के खालिसपुर डींगुर गांव में शुक्रवार को सुबह जेसीबी की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे ग्रामीणों की मदद से सीएचसी दोस्तपुर ले जाया गया। जहां से अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
खालिसपुर डींगुर गांव निवासी अमरजीत गुप्ता उर्फ दलगंजे की पत्नी राजकुमारी (42) सुबह पांच बजे छीतेपट्टी रोड पर जा रही थी। इसी दौरान बाग के पास अचानक एक जेसीबी की चपेट में आने से वह घायल हो गई। उनके पेट में गंभीर चोट लगी। परिजन उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर पहुंचे, जहां से उनको जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। राजुकमारी की दो पुत्रियां व दो पुत्र हैं। महिला की मौत होने से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बाइक की टक्कर से युवक की मौत
अमहट/धम्मौर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के धरमैतेपुर निवासी मनोज कुमार (45) बृहस्पतिवार की रात साइकिल से धम्मौर बाजार से घर जा रहे थे। तभी गांव के पास ही अचानक उन्हें एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से मनोज को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष धम्मौर ज्ञानचंद्र शुक्ल ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। मनोज ठेला लगाता था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।