बंधुआकला ( सुल्तानपुर)। पूर्व सांसद मेनका गांधी के प्रयास से नवनिर्मित मॉडल थाना बंधुआकला का भवन हाईवे के किनारे बनकर तैयार हो गया है। कार्यदायी संस्था ने भवन का निर्माण पूरा कर विभाग को हस्तांतरित करने की तैयारी कर ली है।
12 मार्च, 2023 को बंधुआकला के नाम से लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे के किनारे इस्लामगंज बाजार में बनने वाले नए मॉडल थाने का शिलान्यास किया गया था। भवन निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग अयोध्या के निर्माण खंड- 2 को सौंपी गई। 7.55 करोड़ की लागत से भवन बनकर तैयार हो गया है, जिसे हस्तांतरित करने की तैयारी चल रही है। यह नया मॉडल थाना आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिससे पुलिसकर्मियों को अपना काम और भी प्रभावी ढंग से करने में मदद मिलेगी।
नवनिर्मित थाने का भवन ग्राउंड प्लस टू के मॉडल में बनाया गया है। भवन में कार्यालय, मालखाना, बंदीगृह, महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग वॉशरूम, पंप हाउस, फायर सेफ्टी, कर्मचारी आवास आदि आधुनिक तकनीक से बनाए गए हैं।
राजस्व गांवों की जिम्मेदारी
नए मॉडल बंधुआकला थाना से अलीगंज, खोखीपुर व बंधुआकला चौकी संचालित की जाएंगी। चार दर्जन से अधिक राजस्व गांवों की जिम्मेदारी नवीन मॉडल थाना बंधुआकला के ऊपर निर्भर रहेगी।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
थानाध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने बताया कि विभागीय अधिकारियों ने दो दिन पहले लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ नवनिर्मित भवन का निरीक्षण कर लिया है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। उम्मीद है कि जल्द ही नए भवन में थाने को शिफ्ट कर दिया जाएगा।
14 महीने में पूरा हुआ निर्माण
लोक निर्माण विभाग अयोध्या निर्माण खंड- 2 के सहायक अभियंता पीके सिंह ने बताया कि भवन का निर्माण रिकॉर्ड 14 महीने में पूरा किया गया है। साज-सज्जा, रंग-रोगन, विद्युतीकरण आदि सभी काम पूरे कर दिए गए हैं। विभाग की तरफ से पुलिस विभाग को हस्तांतरित करने के लिए पत्र दिया जा चुका है। उम्मीद है कि जल्द ही भवन का हस्तांतरण पुलिस विभाग को कर दिया जाएगा।