सुल्तानपुर। जिले में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार बृहस्पतिवार को पूरे धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। ईदगाहों और जामा मस्जिदों में नमाज अदा करने के बाद कुर्बानी की रस्म निभाई जाएगी। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के
ईदगाहों और मस्जिदों में बकरीद की नमाज के समय घोषित कर दिए गए हैं। बुधवार को बाजारों में खरीदारों की भीड़ रही।
मरकज मस्जिद के पेश इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान कासमी ने बताया कि शहर के ईदगाह में सुबह साढ़े सात बजे ईद की नमाज होगी। अन्य मस्जिदों में अलग-अलग समय निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि खुले स्थानों पर कुर्बानी न करें और सड़क पर नमाज अदा करने से बचें।
प्रशासन ने साफ किया है कि नमाज निर्धारित स्थानों पर ही होगी, जिससे यातायात और आमजन को परेशानी न हो।
इधर, त्योहार को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। लोग नए कपड़ों, खानपान और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी में जुटे हैं। शाम के समय बाजारों में अच्छी भीड़ देखी जा रही है।
सोशल मीडिया पर रहेगी पुलिस की कड़ी नजर
अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को ईद-उल-अजहा के तहत कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिले को पांच सुपर जोन में बांटा गया। इसके अलावा 19 सामान्य जोन व सेक्टरों में बांटे गए हैं। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई है। ड्रोन से सभी जोन की मॉनिटरिंग की जा रही है। सोशल मीडिया पर पुलिस की कड़ी नजर है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एक कंपनी पीएसी लगाई है। ईदगाह व मस्जिद पर विशेष सुरक्षा रहेगी।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लेमीन के इसौली विधानसभा अध्यक्ष शेर अली ने ईद-उल-अजहा पर कुर्बानी के दौरान पुलिस की अनावश्यक जांच को रोकने को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा गया है। संवाद
ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज का समय
शहर का ईदगाह-सुबह 7:30 बजे-मौलाना सुलेमान साहब
मरकज मस्जिद-सुबह 7:30 बजे-मौलाना मोहम्मद उस्मान कासमी
जामिया इस्लामिया मदरसा-सुबह 6:00 बजे-मौलाना मोहम्मद उसामा कासमी
जामिया इस्लामिया मस्जिद-सुबह 7:00 बजे-मौलाना अशरफ कासमी
हेरा मस्जिद-सुबह 6:00 बजे-मौलाना मताहरुस्सलाम कासमी
शिया जामा मस्जिद अमहट-सुबह 9:00 बजे-मौलाना मोहम्मद जाफर खान
बीबिया मस्जिद-सुबह 8:00 बजे-मौलाना मोहम्मद कसीम कासमी
ईदगाह हुसैनगंज-सुबह 7:00 बजे-इमाम कारी इरफान साहब
नूरी मस्जिद बंधुआकला-सुबह 7:00 बजे-इमाम फहीम रजा कादिरी साहब
शाही मस्जिद दामोदरपुर-सुबह 7:00 बजे-मौलाना मोहम्मद तालिब साहब
बड़ी मस्जिद अंसार नगर-सुबह 7:00 बजे-इमाम कारी शान मोहम्मद
ईदगाह सहाबागंज-सुबह 7:30 बजे-इमाम मौलाना नदीम साहब
जामा मस्जिद दादूपुर-सुबह 7:00 बजे-इमाम मौलाना मुश्ताक साहब
पालिका करेगी विशेष सफाई व्यवस्था
नगर पालिका ने बकरीद को लेकर सफाई व्यवस्था के खास इंतजाम किए हैं। अधिशासी अधिकारी लालचंद्र सरोज ने बताया कि छोटी गाड़ियां मोहल्लों और घरों तक पहुंचकर कूड़ा एकत्र करेंगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अवशेष खुले में न फेंकें बल्कि पालिका की गाड़ियों में ही डालें, जिससे साफ-सफाई और स्वच्छता बनी रहे।