गोसाईंगंज (सुल्तानपुर)। भतीजे की बाइक पर बैठकर दुकान जा रहे सराफ से बदमाशों ने जेवरात और नकदी से भरा बैग लूट लिया। छीना-झपटी में सराफ बाइक से गिरकर घायल हो गया। लूट की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर तीन बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
क्षेत्र के भरतीपुर गांव निवासी दिनेश चंद्र सोनी की सुदनापुर बाजार में सराफा की दुकान है। रोजाना की तरह बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे दिनेश चंद्र अपने भतीजे नीरज सोनी के साथ बाइक पर बैठकर दुकान जा रहे थे।
रास्ते में भटपुरा गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक करके बाइक पर पीछे बैठे व्यवसायी दिनेश चंद्र के हाथ से बैग छीन लिया और फरार हो गए। छीना-झपटी में दिनेश बाइक से नीचे गिर पड़े और उनके हाथ में चोट लग गई।
सराफा व्यवसायी ने बताया कि बैग में 10 ग्राम सोना व 15 हजार रुपये नकद थे। सोने की कीमत करीब 65 हजार रुपये थी। सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव, सीओ जयसिंहपुर राधेश्याम शर्मा, थानाध्यक्ष मनबोध तिवारी, एसओजी प्रभारी अजय प्रताप यादव ने घटना स्थल का निरीक्षण किया लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लग सका।