ज्येष्ठ के दूसरे मंगलवार को जिले में शर्बत वितरण व भंडारे की धूम रही। भक्तों ने हनुमान मंदिरों में दर्शन पूजन कर बजरंग बली के जयकारे लगाए। शहर समेत ग्रामीण अंचलों में स्वयंसेवी संस्थाओं के स्टॉल लगाकर राहगीरों को शर्बत पिलाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। विजेथुआ महावीरन धाम पर भी दर्शन पूजन के लिए श्रद्घालुओं की कतार लगी रही।
शहर के चौक स्थित हनुमानगढ़ी में सुबह होते ही श्रद्घालुओं की पूजन अर्चन के लिए भीड़ जुटनी शुरू हो गई। सुबह से शुरू हुआ पूजा-पाठ का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। शहर के रुद्र नगर स्थित हनुमान मंदिर पर भी श्रद्घालुओं ने पूजा-पाठ कर हनुमान जी से घर परिवार की सुख-समृद्घि की कामना की। शहर के प्रमुख स्थानों पर स्वयंसेवी संगठनों ने ज्येष्ठ के दूसरे मंगलवार को शर्बत वितरण के स्टॉल लगाए।
हिंदू युवा वाहिनी के तत्वावधान में पयागीपुर चौराहे पर शर्बत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पौराणिक स्थल विजेथुआ महावीरन धाम पर दर्शन पूजन के लिए सुबह से शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। पवित्र मकरी कुंड में स्नान कर श्रद्घालुओं ने हनुमानजी की पूजा अर्चना कर मनौती मांगी। उधर, दूबेपुर ब्लॉक क्षेत्र के हसनपुर गांव में स्थित हनुमानगढ़ी पर भक्तों ने पूजा-पाठ कर हनुमान जी से मनोकामना पूर्ण होने की कामना की।