लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर ई-रिक्शा पर पांच सवारी बैठाकर फर्राटा भरता चालक।
सुल्तानपुर। जिले में आए दिन सड़क हादसों के बावजूद ऑटो और ई रिक्शा चालक सबक लेने को तैयार नहीं हैं। शहर से लेकर हाईवे तक क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर तेज रफ्तार में ऑटो चलाए जा रहे हैं। कई जगहों पर ऑटो में चार की जगह पांच से छह लोग ठूंस दिए जाते हैं। जरा सी चूक होते हादसे की आशंका बनी रहती है।
यातायात पुलिस, प्रशासन और उपसंभागीय परिवहन विभाग की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोग यातायात नियमों को तोड़ने से बाज नही आते हैं। क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर ओवरलोडिंग किसी भी वाहन को असंतुलित कर देती है। इससे वाहन पलटने और टकराने की संभावना बढ़ जाती है। इसके बावजूद न चालक सतर्क हैं और न ही यात्री जोखिम उठाने से पीछे हटते हैं।
चौराहा व तिराहा पर पुलिस कर्मी तैनात होने के बाद भी ऑटो और ई रिक्शा चालक क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर ले जाते हैं।
शहर के सब्जी मंडी, रेलवे स्टेशन, शाहगंज चौराहा के अलावा लखनऊ-वाराणसी हाईवे के बंधुआकलां में ऑटो और ई रिक्शा पर चार की जगह पांच से छह सवारियां ढोते देखे जा सकते हैं।