बैंक शाखाओं में कैश की किल्लत खड़ी होने के बाद आरबीआई ने सप्लाई तो बहाल कर दी लेकिन एटीएम पर कैश लोड करने वाली एजेंसियों को करेंसी चेस्ट नहीं मिल पा रहा है। मौजूदा समय में सहालग के मौसम को लेकर लोगों को सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक धन निकासी करने की जरूरत पड़ रही है। ऐसे में एटीएम पर कैश लोड नहीं होने से लोगों को जरूरत के समय पैसा नहीं मिल पा रहा है। मुख्यालय से कैश नहीं मिलने पर एजेंसियां भी एटीएम पर आवश्यकता के अनुरूप करेंसी चेस्ट लोड नहीं कर पा रही हैं।
अवकाश के दिनों में अक्सर एटीएम पर कैश का संकट मंडराने लगता है। बैंक अधिकारियों का कहना है कि एटीएम की व्यवस्था अभी तक सही नहीं हो पाई है। । ऐसे में एटीएम पर कैश लोड नहीं हो पा रहा है। शहर के कुछ ही एटीएम पर कैश मिल रहा है। इन स्थानों पर लोगों की लंबी कतार लग रही है। तेज धूप में धन निकासी करने के लिए कार्डधारकों को एटीएम पर लंबी कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
रविवार को शहर के गोलाघाट स्थित आईसीआईसीआई, रोडवेज के निकट स्थित एचडीएफसी समेत कुछ एटीएम पर लोगों को कैश मिल सका। यहां पर धन निकासी करने के लिए दिन भर लोगों की कतार लगी रही। रोडवेज के निकट स्थित इलाहाबाद बैंक, विजया बैंक, सेंट्रल बैंक, एक्सिस बैंक, एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा समेत अन्य एटीएम कैशलेस रहे। इस वजह से लोगों को धन निकासी करने के लिए काफी भागदौड़ करनी पड़ी। रविवार को जिले के 116 एटीएम में करीब 85 एटीएम पर कैश नहीं मिला।