बैंकों में अवकाश के बाद एक बार फिर एटीएम पर कैश लोड की व्यवस्था नहीं की गई। शहर के एसबीआई, बीओबी समेत प्रमुख बैंक के एटीएम में कैश लोड नहीं किया गया था। कुछ एटीएम पर ही कैश रहा, जिन पर लंबी कतार लगी रही। शहर और ग्रामीण क्षेत्र मिलाकर जिले में स्थापित 116 एटीएम में से करीब 101 पर कैशलेस रहे।
रविवार को बैंक अवकाश के बाद सोमवार को जब बैंक शाखाएं खुली तो अधिकांश में कैश की कमी रही। मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस को लेकर भी बैंकों में अवकाश रहा। बैंकों मेें अवकाश को लेकर लोगों को धन निकासी की सहूलियत नहीं मिल सकी। मंगलवार को शहर के अधिकांश एटीएम पर कैश का संकट रहा। एसबीआई, बीओबी, पीएनबी, इलाहाबाद, केनरा समेत अन्य प्रमुख बैंकों के एटीएम पर दिन भर कैश नहीं लोड किया गया। यहां दिन भर शटर बंद रहा।
एचडीएफसी, गोलाघाट स्थित एक्सिस, रोडवेज स्थित विजया बैंक, सेंट्रल बैंक, डाकखाना चौराहा, पीडब्ल्यूडी, बाधमंडी, लखनऊनाका स्थित बीओबी, कुड़वार नाका स्थित आईसीआईसीआई व अन्य एटीएम पर कैश नहीं रहा। गोलाघाट स्थित आईसीआईसीआई एटीएम पर सुबह से लंबी कतार लगी रही। एसबीआई के रोडवेज स्थित एटीएम पर रोज कैश लोड होता था, वहां भी मंगलवार को लोग निराश हुए।
सुबह से लाइन लगाकर खड़े एटीएम कार्डधारकों को निराश लौटना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित एटीएम का भी बुरा हाल रहा। दूबेपुर, कुड़वार, धनपतगंज, बल्दीराय, कूरेभार, जयसिंहपुर, मोतिगरपुर, कादीपुर, अखंडनगर, दोस्तपुर, करौंदीकला, लंभुआ, हनुमानगंज समेत अन्य स्थानों पर ग्रामीण अंचल में लगे एटीएम के शटर दिन भर बंद रहे। एलडीएम ने बताया कि एटीएम पर कैश लोड करने वाली एजेंसियों को इस समय पर्याप्त कैश आरबीआई की ओर से नहीं मिल पा रहा है। इस वजह एटीएम का संचालन नहीं हो पा रहा है।