कैश के लिए दिनभर भटके उपभोक्ता
- फोटो : अमर उजाला
बैंक ग्राहकों को इन दिनों एटीएम से धन निकालने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 15 दिनों के भीतर कई अवकाश होने से एटीएम के खजाने खाली हो गए हैं। बैंक की ओर से मशीनों में पर्याप्त कैश लोड नहीं किया जा रहा है। स्थिति यह है कि 80 फीसदी एटीएम खाली हैं। इस समस्या का हल निकालना बैंक अधिकारियों के लिए भी चुनौती से कम नहीं है।
पिछले 15 दिनों के भीतर कई अवकाश होने से बैंक की शाखाओं में कामकाज ठप रहा। इस बीच रामनवमी, अंबेडकर जयंती, हजरत अली अलैह के जन्म दिवस के अलावा चौथे शनिवार व रविवार के अवकाश शामिल रहे। अवकाश की वजह से शहर में स्थापित एटीएम पर कैश निकालने का दबाव बढ़ गया। शहरी क्षेत्र के भीतर ही 70 से अधिक एटीएम स्थापित हैं।
बैंक अधिकारियों के मुताबिक सार्वजनिक स्थल पर स्थित एटीएम पर धन निकासी का दबाव ज्यादा रहता है। इस वजह से उनमें अलग-अलग शिफ्टों में कैश लोड कराया जाता है। रविवार को शहर के अधिकतर एटीएम पर लोगों को कैश नहीं मिला। गिने-चुने एटीएम पर लोगों की लंबी कतार लगी रही।