अपने माता-पिता के साथ यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले होनहान आशीष कुमार।
सुल्तानपुर। यूपीएससी सिविल सर्विस फाइनल परीक्षा में जिले के आशीष कुमार ने सफलता का परचम लहराया। पहले प्रयास में उन्हें 489 रैंक प्राप्त हुई। पयागीपुर के रहने वाले आशीष कुमार के पिता मनोज कुमार पाठक निजी कांस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते हैं, और माता गृहिणी हैं। उन्होंने 10वीं और 12वीं की परीक्षा अपने मामा के यहां रहकर सर्वोंदय इंटर कॉलेज जामो से उत्तीर्ण की। बीटेक की पढ़ाई करने सुल्तानपुर आ गए और केएनआईपीएसएस में दाखिला लिया।
बीटेक के बाद सिविल सर्विस की परीक्षा की तैयारी में लग गए। घर के हालात ऐसे नहीं थे कि वे बाहर जाकर पढ़ाई कर सकें, इसलिए आशीष ने घर पर ऑनलाइन पढ़ाई शुरू की। आशीष बताते हैं कि रोजाना करीब 14-16 घंटे की मेहनत की। उन्होंने तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने की सीख दी। सफलता के बाद आशीष के घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।