ट्रांसफार्मर की मरम्मत करते बिजली कर्मी।
अलीगंज। असरोगा उपकेंद्र शुक्रवार सुबह आठ बजे कंजरवेटर फटने से ठप हो गया। इससे दाउदपुर, कुड़वार, बंधुआकला और धम्मौर फीडर भी बंद हो गए। चारों फीडर बंद होने से हसनपुर, बंधुआकला, सहावागंज सहित 100 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। फॉल्ट की सूचना पर ऊर्जा निगम की टीम ने मरम्मत कार्य शुरू किया।
शाम छह बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। इस दौरान करीब एक लाख लोग बिजली-पानी के लिए परेशान रहे। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शोपीस बने रहे। दोपहर तक इन्वर्टर भी डिस्चार्ज हो गए। बिजली से संचालित नलकूप भी ठप रहे। एसडीओ सौरभ दीक्षित ने बताया कि सुबह कंजरवेटर फटने से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। कर्मी इसे ठीक करने में जुटे हैं। रात तक बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
मरमम्मत कार्य के कारण ठप रहा टीपी नगर पॉवर हाउस
दूबेपुर। पयागीपुर स्थित 220 केवीए पारेषण उपकेंद्र में अनुरक्षण कार्य के चलते शुक्रवार को टीपी नगर पॉवर हाउस का संचालन 38 मिनट तक ठप रहा। पारेषण खंड ने दोपहर 1.46 बजे 33 हजार इनकमिंग लाइन की बिजली आपूर्ति बंद कर दी।
अधिशासी अभियंता ट्रांसमिशन रवि कुमार ने बताया कि स्विच यार्ड में एचटी लाइन, जंपर, इंसुलेटर आदि उपकरणों की मरम्मत के लिए टीपी नगर पॉवर हाउस की आपूर्ति बंद की गई थी। अनुरक्षण कार्य खत्म होने के बाद दोपहर 2.24 बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। टीपी नगर उपकेंद्र के कांशीराम, गभड़िया, रानीगंज, अहिमाने, नारायनपुर, साउथ व प्लाई फैक्टरी से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं, अहिमाने फीडर क्षेत्र के सीतानगर (पयागीपुर) मोहल्ले की बिजली सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक बंद रही।
जेई जियालाल ने बताया कि सीतानगर में लगे 250 एमवीए ट्रांसफार्मर पर मरम्मत कार्य कराने के लिए मोहल्ले की आपूर्ति बंद की गई थी।