सुल्तानपुर। पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम के बहुद्देशीय हॉल में बने बैडमिंटन कोर्ट के दिन बहुर गए हैं। करीब 20 साल बाद कोच के रूप में श्यामधर ओझा की तैनाती होने से खिलाड़ियों को निखरने का मौका मिल गया है। अभ्यास के लिए 45 बच्चे आने लगे हैं।
सिविल लाइन के पंत स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में दो कोर्ट बना है। एक साथ अधिकतम आठ खिलाड़ी अभ्यास कर सकते हैं। खिलाड़ियों के लिए सुबह पांच से नौ व शाम चार से आठ बजे तक बैडमिंटन कोर्ट खोला जाता है। इसमें सीखने वालों के अलावा शौकिया खेलने वाले भी शामिल हैं। कोच श्यामधर ओझा ने बताया कि इस समय 30 बालक व 15 बालिकाएं प्रशिक्षण ले रही हैं। खिलाड़ियों को खेल की बारीकियों के साथ तौर-तरीके सिखाए जाते हैं।
प्रशिक्षण के लिए देना होगा शुल्क
क्रीडाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण लेने के लिए 18 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों के लिए वर्ष भर का 560 रुपये जमा करना होगा। 18 वर्ष से अधिक के खिलाड़ियों को रजिस्ट्रेशन कराते समय 1360 रुपये सालाना जमा करना होगा। वहीं 350 रुपये हर महीने शुल्क के रूप में जमा करना होगा। शौकिया खेलने वालों को रजिस्ट्रेशन व शुल्क के रूप में 3800 रुपये वार्षिक जमा करना होगा। बताया कि खिलाड़ियों की संख्या और बढ़ने पर कोर्ट खोलने का समय बढ़ा दिया जाएगा।