राजनीति में स्वच्छ छवि के लोगों का प्रतिनिधित्व हो एवं लोकतंत्र मजबूत हो, इसके लिए हम सभी को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रयास करना होगा। यह बात निर्वाचन आयोग की ब्रांड अंबैसडर व एवरेस्ट विजेता अरुणिमा सिन्हा ने जिले के दो महाविद्यालयों में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में कही।
रविवार को केएनआईपीएसएस के राष्ट्रीय सेवा योजना एवं निर्वाचन आयोग के संयुक्त तत्वावधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के लिए संगोष्ठी की गई। अरुणिमा सिन्हा ने कहा कि जुनून जब किसी काम को ऊर्जा देता है तो वह कर्म इतिहास रचने लगता है। यदि परिस्थितियों को आज का युवा नहीं मोड़ेगा तो परिस्थितियां ही युवा को मोड़ देंगी। उन्होंने हर युवा को 10-10 मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया।
इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह, केएनआईपीएसएस के प्राचार्य डॉ. एके श्रीवास्तव, डॉ. राधेश्याम सिंह, डॉ. रामनयन सिंह, डॉ. ममता आदि मौजूद रहे। उधर, गनपत सहाय पीजी कॉलेज के पयागीपुर शाखा में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में पद्मश्री विजेता अरुणिमा सिन्हा ने कहा कि युवा लोकतंत्र के इस त्यौहार को सफल बनाने में अपना संपूर्ण योगदान दें।
राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य संपर्क अधिकारी अंशुमाली शर्मा ने कहा कि एनएसएस के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने का जो बीड़ा विद्यार्थियों ने उठाया है, वह मतदान होने तक जारी रहना चाहिए। इस मौके पर जॉइंट मजिस्ट्रेट पवन अग्रवाल, एसडीएम प्रमोद पांडेय, प्राचार्य डॉ. तलअत हुसैन नकवी आदि मौजूद रहे।