सब्जी दुकान पर खरीदारी करते लोग। संवाद
सुल्तानपुर। बारिश का असर अब सब्जी बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है। खेतों में जलभराव व मंडियों में सब्जियों की आवक घटने से हरी सब्जियों के दाम तेजी से बढ़ गए हैं। धनिया की हरी पत्ती का भाव 200 रुपये किलो तक पहुंच गया है, जबकि अदरक 200 रुपये किलो बिक रही है। टमाटर, तरोई, परवल, प्याज, लहसुन व हरी मिर्च के दाम भी बढ़ गए हैं।
जिले की सबसे बड़ी सब्जी मंडी अमहट में लगती है। यहीं से थोक और फुटकर व्यापारी सब्जियां खरीदते हैं। करीब पखवाड़े भर से लगातार बारिश के चलते बाहर से आने वाली सब्जियों की आवक प्रभावित हुई है। खेतों में जलभराव होने से भी स्थानीय सब्जियों की आपूर्ति कम हो गई है। इसका सीधा असर बाजार भाव पर पड़ा है।
सब्जी व्यापारी अमरजीत ने बताया कि बारिश के कारण खेतों से सब्जियां समय पर नहीं निकल पा रही हैं, जिससे मंडी में आवक घटी है। व्यापारी रामऔतार वर्मा ने कहा कि स्थानीय स्तर पर पैदावार कम होने से बाहर से सब्जियां मंगानी पड़ रही हैं, जिससे लागत बढ़ गई है। मुन्ना गुप्ता के अनुसार परिवहन खर्च बढ़ने के कारण पुराने दाम पर बिक्री संभव नहीं है।
ग्राहक रीना देवी, संगीता मिश्रा व पूजा यादव ने बताया कि लगातार बढ़ती महंगाई ने घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। शांति देवी ने कहा कि पहले धनिया की पत्ती मुफ्त में मिल जाती थी, अब उसे भी तौलकर खरीदना पड़ रहा है।
सब्जियों के दाम (रुपये प्रति किलो)
पखवाड़े भर पहले -वर्तमान
अदरक-240-200
हरा धनिया पत्ती-100-200
तरोई-40-60
टमाटर-40-60
परवल-30-40
कद्दू-20-40
हरी मिर्च-50-70
खीरा-30-40
मूली-50-70
लौकी-20-30
प्याज-20-40
लहसुन-100-200