सुल्तानपुर। अशरफगंज रामनगर बनकट गांव में अवैध रूप से पटाखे बनाए जाने की सूचना पर पुलिस ने शनिवार को छापा मारा। मौके पर 12 बोरी अवैध पटाखे के साथ ही काफी मात्रा में बारूद बरामद किया गया है। पुलिस ने पटाखे बना रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली देहात प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी के मुताबिक छापा के दौरान एक स्थान पर चार लोग पटाखा बना रहे थे। मौके पर 10 बोरी अवैध पटाखे, दो बोरी अर्द्ध निर्मित पटाखे, 800 ग्राम बारूदी सुतली, 700 ग्राम बारूद, 90 किग्रा. ज्वलनशील मिक्स, 10 किग्रा. चूर्ण पीला पाउडर समेत अन्य सामान बरामद किया गया। पटाखा बना रहे काजू, शमीम, अनवर उर्फ विटानी और मुंशी रजा निवासी ग्राम अशरफगंज रामनगर बनकट को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे पटाखा बनाकर दीपावली में बेचते हैं। उनके पास लाइसेंस नहीं था। एसओ के मुताबिक बरामद पटाखों की कीमत करीब 10 लाख रुपये है।