18 साल पुराने मामले में फरार वारंटी को गिरफ्तार किया गया। (सांकेतिक फोटो)
- फोटो : Social Media
सुल्तानपुर में कादीपुर कस्बे में शनिवार की शाम किसान नेता की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
क्षेत्र के बनकेगांव नूरपुर के रहने वाले किसान नेता राम आशीष वर्मा (55) का गांव के ही अमर बहादुर वर्मा, राम अरज वर्मा व धर्मराज पाल से भूमि विवाद चल रहा था। शनिवार की सुबह राम आशीष वर्मा जयसिंहपुर तहसील एक मुकदमे की पैरवी के सिलसिले में गए थे। शाम को करीब साढ़े पांच बजे राम आशीष कादीपुर कस्बे में एक दुकान पर बैठे थे, तभी अचानक एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके पास पहुंचकर उनकी बायीं कनपटी पर असलहा सटाकर गोली चला दी थी। गोली लगने से राम आशीष की मौत हो गई थी। विजय बहादुर का आरोप है कि शनिवार को सुबह वह बाइक से अपने पिता राम आशीष को मुकदमे की पैरवी के लिए जयसिंहपुर ले जा रहे थे।
पड़ेला मोड़ के पास उनके गांव के ही अमर बहादुर वर्मा, राम अरज वर्मा, व धर्मराज पाल पहले से खड़े थे। विपक्षियों ने उनकी बाइक रुकवाकर उन्हें धमकी भी दी थी। इसके बाद विजय बहादुर अपने पिता को कादीपुर कस्बे में छोड़कर अपनी दुकान पर चले गए। शाम को उन्हें पिता की हत्या की सूचना मिली। तहरीर के आधार पर कादीपुर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी अमर बहादुर वर्मा, राम अरज वर्मा व धर्मराज पाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।