सुल्तानपुर। सराफ के घर डकैती डालने पहुंचे पांच बदमाशों को स्वाट और कोतवाली देहात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से तीन असलहे, कारतूस के साथ ही दो बाइक बरामद की गईं।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने बताया कि पूर्व में इसी गिरोह ने जिले में ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था।
स्वाट टीम प्रभारी अजय प्रताप यादव को बुधवार की देर रात सूचना मिली कि कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ज्ञानीपुर बाजार में एक सराफ के घर पर कुछ बदमाश डाका डालने पहुंचे हैं। इसकी सूचना स्वाट टीम प्रभारी ने तत्काल पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार को दी।
एसपी के आदेश पर स्वाट टीम और कोतवाली देहात थानाध्यक्ष शरद कुमार ने क्षेत्र के कबीला के पास स्थित पुरानी बाग में घेराबंदी शुरू कर दी। बृहस्पतिवार की भोर में स्वाट और पुलिस को देखते ही बाग में मौजूद बदमाश भागने लगे।
स्वाट टीम और कोतवाली देहात पुलिस ने भाग रहे सभी पांच बदमाशों को दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बदमाशों के पास से एक पिस्टल, दो तमंचा, कारतूस बरामद की गई। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान इम्तियाजुद्दीन उर्फ गुड्डू, शोएब, मोहम्मद शरीफ, ऋषभ मिश्रा और देवचंद्र तिवारी उर्फ देवा के रूप में की गई।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अपराधियों ने बताया कि एक माह पूर्व नहर के किनारे इसी गिरोह ने एक युवक से बाइक लूट ली थी। उसी दिन इन्ही बदमाशों ने सुल्तानपुर शहर के पास एक महिला से चेन भी छीनी थी। यहीं नही 15 दिन पहले एक फ्रेंचाईजी से ज्ञानीपुर में 50 हजार रुपये के साथ ही मोबाइल लूट लिया था।