सुल्तानपुर। जिलेभर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें आए हुए मरीजों के स्वास्थ्य की जांच के बाद दवाओं का वितरण किया गया। धम्मौर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने 75 मरीजों की जांच की। मरीजों को दवा भी दी गई। डॉ. गरिमा सिंह ने बताया कि आरोग्य मेले में गर्भवती सहित गैस्ट्रो, सर्दी, खांसी, बुखार व त्वचा से संबंधित 75 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा दी गई।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को स्वास्थ्य की देखभाल के लिए उचित परामर्श भी दिया गया। आरोग्य मेले में आईं अंजुम को कई दिनों से बुखार था। डॉक्टर ने दवा देते हुए मलेरिया की जांच भी करवाई। समीमुन निशा को भी बुखार था। जांच के बाद उनको भी दवा दी गई। स्थानीय राजाराम को पेट की समस्या थी, जुकाम व बुखार भी आ रहा था। उनका परीक्षण कर दवा दी गई।
वहीं, दोस्तपुर में आरोग्य मेले के दौरान 156 मरीजों की जांच की गई। बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या ज्यादा रही। मुस्तफाबाद कला निवासी जयदरीन ने बताया कि पांच दिन से बुखार है। दवा पीएससी से मिली है। सुधांशु श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार शाम को बुखार व बदन दर्द है। डाॅ. इंद्रजीत वर्मा व डाॅ. देव नरायण निषाद ने बताया कि मौसम बदल रहा है, इसमें सावधानी रखना आवश्यक है। पानी गरम करके ही पीएं, शीतल पेय से परहेज करेें।
उधर, सूरापुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विजेथुआ में जन आरोग्य मेले में 26 मरीजों का पंजीकरण हुआ। कनरवल गांव से आई 34 वर्षीया देवमती ने बताया कि वह गैस एवं पेट की बीमारी से परेशान हैं। 42 वर्षीय सुनील कुमार ने बताया कि वह जुकाम और बुखार से पीड़ित हैं। सभी मरीजों ने बताया कि उनको अस्पताल से सभी दवाइयां मुफ्त मिलीं।