अखंडनगर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र अखंडनगर के ताजुद्दीनपुर गांव के पास रविवार सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप ने डेढ़ साल के मासूम को रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची राहुलनगर चौकी पुलिस ने वाहन कब्जे में लेते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। मृतक बच्चे के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
अखंडनगर थाना क्षेत्र के राहुलनगर-नेमपुर मार्ग पर ताजुद्दीनपुर गांव के पास इंटरलाकिंग सड़क का निर्माण चल रहा है। सड़क पर बिहार के जहानाबाद सपुरा रुस्तमचक निवासी बृजेश मजदूरी कर रहा है। वह अपने परिवार के साथ सड़क के किनारे झुग्गी बनाकर रहता है।
रविवार सुबह उसका डेढ़ साल का बेटा कार्तिक सड़क के किनारे खेल रहा था। इस बीच राहुलनगर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे रौंद दिया। घटनास्थल पर ही कार्तिक की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ घटनास्थल पर इकट्ठा हो गई।
दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। राहुल नगर चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। चौकी प्रभारी तनवीर खान ने बताया कि बृजेश की तहरीर पर वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सबसे छोटे बेटे की मौत से गमजदा हुआ परिवार
बृजेश व उसकी पत्नी धनेश्वरी देवी की पांच संतानें थीं। चार पुत्रियों के बाद कार्तिक सबसे छोटा पुत्र था। कार्तिक की मौत से बड़ी बेटी प्रीति, खुशबू, पुष्पा व प्रियंका व मां धनेश्वरी देवी समेत पूरा परिवार गमजदा है। परिवार की रो-रोकर हालत खराब हो गई है।