सुल्तानपुर। शहरी क्षेत्र में अब नए बिजली कनेक्शन में आर्म्ड केबल लगाया जाएगा। यह केबल लगने से उपभोक्ता बीच में उसकी कटिंग करके चोरी नहीं कर सकेंगे। सबसे पहले शहरी क्षेत्र में इसका प्रयोग होगा।
बिजली चोरी रोकने के लिए पावर कॉर्पाेरेशन ने शिकंजा कस दिया है। सबसे पहले शहरी क्षेत्र में चोरी रोकने की योजना बनाई है। नए कनेक्शन में आर्म्ड केबल लगाने का निर्देश दिया है। इंजीनियरों के मुताबिक आर्म्ड केबल में तांबे का तार भी होता है। इसमें कोई आसानी से बीच में कटिंग करके बिजली चोरी नहीं कर सकेगा।
पुराने कनेक्शन के केबल में फॉल्ट आने पर उसे भी बदलकर आर्म्ड केबल लगाया जाएगा। इसका दायित्व मध्यांचल वितरण निगम ने जिले के लिए नामित फर्म आरडीएसएस को सौंपा है। इंजीनियरों के निर्देश पर फर्म की ओर से पोल से लेकर उपभोक्ताओं के घर तक आर्म्ड केबल लगाया जाएगा।
पावर कॉर्पाेरेशन के निर्देश पर शहरी क्षेत्र के डाकखाना, दरियापुर, केएनआई व टीपीनगर उपकेंद्र पर काम शुरू हो गया है। अवर अभियंता डीएन प्रसाद ने बताया कि सब स्टेशन से सूचना देने के बाद फर्म की ओर से काम कराया जा रहा है। शहरी क्षेत्र में सफलता मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र में काम कराया जाएगा।