यूपी के सुल्तानपुर में एमपी-एमएलए कोर्ट के विशेष मजिस्ट्रेट की अदालत में बुधवार को पूर्व विधायक संतोष पांडेय से जुड़े दो मुकदमों में जज के अवकाश पर होने की वजह से बहस की कार्यवाही बाधित रही। अदालत ने इस मामले में शेष बहस के लिए 17 अगस्त की तारीख तय की है।
लंभुआ विधानसभा के तत्कालीन उड़न दस्ता प्रभारी संदीप सिंह ने कोतवाली देहात थाने में तीन फरवरी 2022 को विधान सभा चुनाव के दौरान सपा प्रत्याशी संतोष पांडेय व उनके समर्थकों के खिलाफ बिना पूर्व अनुमति के सरकारी विद्यालय में मीटिंग बुलाने के आरोप में पहली प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
बिना अनुमति रोड शो निकालने का आरोप
वहीं, वादी संदीप सिंह ने ही संतोष पांडेय व उनके समर्थकों के खिलाफ बिना अनुमति के रोड शो निकालने के आरोप में 24 फरवरी 2022 को कोतवाली देहात थाने में दूसरी प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पहले मामले में पूर्व में अभियोजन पक्ष की बहस पूरी हो चुकी है,जबकि दूसरे मामले में बहस होनी शेष है।