सुल्तानपुर। बल्दीराय तहसील के आलामऊ निवासी जमशाद खान (23) करीब 24 महीने से दुबई की शारजाह जेल में बंद है। उसके परिवार ने शासन से मदद की गुहार लगाई है। परिजनों के मुताबिक जमशाद चार मई 2023 को वाराणसी से दुबई गया था। कुछ समय काम करने के बाद दुबई में उसकी मुलाकात एक पाकिस्तानी युवक से हुई। आरोप है कि उस युवक ने जमशाद से कुछ जरूरी कागजात पर दस्तखत करवाकर पैसों की हेराफेरी की। इसके बाद जमशाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। जमशाद की मां अमीरुल निशा ने बताया कि परिवार अत्यंत गरीबी में जीवन यापन कर रहा है। पीड़ित परिवार ने इसौली विधायक ताहिर खान से मिलकर मदद की अपील की है। विधायक ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वे जल्द ही शासन से इस संबंध में बात करेंगे। पत्र के माध्यम से सहायता सुनिश्चित कराएंगे।