गौरीगंज। माध्यमिक स्कूलों में निर्धारित पाठ्य पुस्तकों से शैक्षिक कार्य करवाने तथा गुणवत्ता सुधार के लिए डीआईओएस ने बुधवार को तीन स्कूलों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्कूल में बच्चों की कम उपस्थिति व साफ-सफाई नहीं मिलने से नाराज डीआईओएस ने सभी से जवाब तलब करते हुए शैक्षिक पंचांग निर्धारित कर कोर्स पूरा कराने के साथ व्यवस्था में सुधार का आदेश दिया है।
शासन के निर्देश पर माध्यमिक स्कूलों में एनसीईआरटी पाठ्य पुस्तकों से शैक्षिक कार्य पूरा करवाने तथा पुस्तकों की उपलब्धता जांचने के लिए बुधवार को डीआईओएस नंदलाल ने तीन स्कूलों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीआईओएस को आदर्श पब्लिक इंटर कॉलेज बहादुरपुर में गंदगी के साथ शैक्षिक पंचांग तैयार नहीं मिला। इसी तरह जीजीआईसी जायस व वीरांगना अवंतीबाई लोधी इंटर कॉलेज ओदारी में नामांकन के सापेक्ष बच्चों की उपस्थिति कम होने के साथ परिसर में गंदगी मिली।
इंटर कॉलेजों मेेें अव्यवस्था से नाराज डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों को नोटिस देकर शैक्षिक पंचांग तैयार कर कोर्स पूरा करवाने, निर्धारित पाठ्य पुस्तकों से शैक्षिक कार्य पूरा करने तथा विद्यालय परिसर की साफ-सफाई रखते हुए पठन-पाठन कार्य पूरा कराने का आदेश दिया है।
डीआईओएस ने शैक्षिक पंचांग से शिक्षण कार्य नहीं होने तथा कोर्स पूरा नहीं होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।