जयसिंहपुर (सुल्तानपुर)। कोतवाली क्षेत्र के मसीरपुर गांव से पांच दिन पहले लापता हुए अंकेश की हत्या सिर पर वार कर की गई थी। चार दिन बाद लाश कुएं में मिलने के बाद पोस्टमार्टम से यह सच सामने आया है। हालांकि परिजन पहले ही हत्या की आशंका जता रहे थे, किंतु पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था। मंगलवार को भी जब परिजनों ने दाह संस्कार से इन्कार कर दिया, तब पुलिस ने केस दर्ज कर दो नामजद को हिरासत में लिया है।
पांच दिन से लापता युवक अंकेश का शव सोमवार को कुएं में पड़ा मिला था। मंगलवार को पीएम होने के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया। स्थानीय पुलिस पर समय से कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए शव को उठाने से मना कर दिया। एसडीएम जयसिंहपुर व सीओ ने परिजनों से मुलाकात कर नौ सूत्रीय मांगपत्र लिया। इसके बाद मृतक की मां सुशीला देवी की तहरीर पर गांव के सुरेंद्र कोरी व कपिल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। सीओ प्रशांत ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दूसरे दिन ही दर्ज हुई थी गुमशुदगी
अंकेश अपने घर से 22 नवंबर को बाइक से निकला था। शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई तो अंकेश की मां ने जयसिंहपुर कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस ने दो दिन बाद 24 नवंबर को गुमशुदगी दर्ज की। 25 नवंबर को सुशीला देवी ने गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद तहरीर दी तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। सोमवार सुबह अंकेश का शव गांव के बाहर कुएं में उतराता पाया गया। कुएं से बाइक भी निकाली गई। परिजनों ने पुलिस पर तहरीर बदलवाने और प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप भी लगाया।
दो डॉक्टरों के पैनल ने किया पीएम
अंकेश के शव का दो डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। शव कई दिन पानी में रहने के कारण बुरी तरह सड़ गया था। जांच में सिर पर चोट की बात सामने आई है।
गर्भवती है पत्नी, बहन बोली-हत्यारे को फांसी दो
इस मामले में एक वीडियो भी प्रचारित हो रहा है, जिसमें मृतक अंकेश की गर्भवती पत्नी प्रियंका, मां सुशीला कोतवाली के गेट पर फूट-फूटकर रो रही हैं और इंसाफ की गुहार कर रही हैं। यह वीडियो सोमवार का बताया जा रहा है। उधर, अंकेश की बहन ने सुरेंद्र पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि वही उन्हें खेत सिंचवाने के बहाने ले गया था।
जिले में नहीं थम रहा हत्याओं का दौर
23 सितंबर- कोतवाली नगर क्षेत्र के नरायनपुर गांव में डॉ. घनश्याम तिवारी की निर्मम हत्या
13 अक्तूबर- गोसाईगंज थाना क्षेत्र के मधुवन गांव में तुलसीराम निषाद (70) की धारदार हथियार हत्या
25 अक्तूबर- दोस्तपुर थाना क्षेत्र के सहिनवा गांव में हबीब (65) की हत्या।
27 अक्तूबर- जयसिंहपुर के बझना गांव में दो दिन से लापता युवक विकास चौहान (19) का चोटिल शव मिला। केस दर्ज नहीं।
27 अक्तूबर- दोस्तपुर थाने के सिजिलपुर गांव में राकेश (35) की हत्या।
08 नवंबर- कूरेभार थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव में रमेश (41) की गला रेतकर हत्या।
22 नवंबर- कादीपुर के अनिरुद्धनगर बाजार में दिनदहाड़े वृद्ध की गोली मारकर हत्या।
20 नवंबर- मोतिगरपुर के पेमापुर गांव में युवक की पीट-पीटकर हत्या।