फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: युवक की हत्या से फूटा गुस्सा, परिजनों ने हाईवे पर शव रख लगाया जाम

Wed, 12 Jun 2024 01:02 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
अमहट (सुल्तानपुर)। धम्मौर थाने के सोमनाभार गांव में सोमवार को युवक की सिरकटी लाश मिली था। इससे नाराज परिजनों ने मंगलवार को सुबह हाईवे स्थित अमहट चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करने, 20 लाख रुपये मुआवजा, कृषि भूमि व पीएम आवास दिलाने की मांग की। दो घंटे तक लगे जाम के कारण दो प्रमुख हाईवे पर हजारों वाहन फंस गए, जिससे लंबा जाम लगा रहा।
विज्ञापन



सोमनाभार बिकना गांव में सोमवार को ग्रामीणों को युवक का सिर कटा शव पड़ा मिला था। पुलिस, डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम की जांच में शव से करीब 200 मीटर दूरी पर सिर भी मिला था। मृतक की पहचान कोतवाली नगर के अफलेपुर गांव निवासी आलोक कुमार के रूप में हुई थी। पिता अनिल ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था, जो आलोक को अमहट स्थित ई रिक्शा एजेंसी से लेकर गए थे, जहां पर आलोक नौकरी करता था।


इन्हीं दोनों की गिरफ्तारी व अन्य मांगों को लेकर परिजनों ने सुबह करीब सात बजे शव रखकर टांडा-बांदा व लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। किंतु उस समय उनके साथ कम लोग होने के कारण जाम नहीं लगा। मगर नौ बजते-बजते वहां भीड़ जमा हो गई और टेंट आदि भी लगा दिया गया, जिससे दोनों हाईवे जाम हो गए। इस दौरान एसडीएम सदर ठाकुर प्रसाद, सीओे नगर शिवम मिश्र प्रदर्शनकारियों को मनाने का प्रयास करते रहे, लेकिन उन्हें सफलता 11 बजे मिल सकी। इसकी वजह से दोनों हाईवे नौ से 11 बजे तक जाम रहे और हजारों वाहन जाम में फंसे रहे।
विज्ञापन





वैकल्पिक मार्गों से आवागमन में हुई परेशानी
अमहट चौराहे पर जाम से पुलिस ने असरोगा, पयागीपुर, कुड़वार, लंभुआ और चांदा से रूट डायवर्जन करवाया, लेकिन इसके बावजूद भारी जाम लगा। दो घंटे तक हजारों वाहनों को यह मुसीबत झेलनी पड़ी। वाराणसी-अयोध्या रूट से आने वाली यात्री बसें पयागीपुर से प्रयागराज की ओर घूमकर रवाना हुई। वहां से वह दुर्गापुर से गौरीगंज और रायबरेली व लखनऊ के लिए कुछ वाहन रवाना किए गए। बड़ी संख्या में छोटे वाहन वैकल्पिक मार्ग से निकले, जिन्हें जाम की वजह से करीब एक घंटे ज्यादा सफर तय करना पड़ा।




सर्विलांस सेल सक्रिय, खंगाली जा रही मोबाइल कॉल डिटेल
आलोक के पिता का आरोप है कि ई रिक्शा एजेंसी से आलोक को ले जाने वाले दो अज्ञात लोग ही इस वारदात के जिम्मेदार हैं। उन्होंने एजेंसी स्वामी पर भी संदेह जताया है। परिजनों का गुस्सा देखते हुए अब सर्विलांस सेल ने मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि दो दिन के भीतर हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।





सामने आई पुलिस-प्रशासन की विफलता
सुल्तानपुर। पुलिस और प्रशासन को सुबह ही पता चल गया था कि परिजन आलोक का शव रखकर जाम लगाने वाले हैं। किंतु विफलता यह रही कि उन्हें न तो चौराहे तक आने से रोका जा सका और न ही इन लोगों का प्रदर्शन समय पर समाप्त कराया जा सका। परिजनों को मनाने में अधिकारियों को चार घंटे लग गए। यदि पहले दो घंटे में ही उन्हें समझा लिया गया होता तो शायद भीड़ भी न जुटती और हाईवे पर जाम भी न लगता। किंतु अफसरों की इस विफलता के कारण हजारों वाहनों को लंबे जाम का सामना करना पड़ा। इस बारे में सीओ सिटी शिवम मिश्रा का कहना है कि प्रदर्शनकारियों में महिलाएं बहुत थीं, इसलिए देर लग गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें