सुल्तानपुर। भदैंया विकास खंड के अभियाकलां द्वितीय के आंगनबाड़ी केंद्र पर बिना पद के ही विभागीय अधिकारियों ने कार्यकर्ता की नियुक्ति कर दी। कार्यकर्ता को 22 मार्च को नियुक्ति पत्र भी थमा दिया गया लेकिन जॉइनिंग को लेकर जब दिक्कत की सूचना मिली तो आनन-फानन नियुक्ति पत्र वापस ले लिया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी ने जब पद के बारे में जानकारी की तो पता चला कि अभियाकलां द्वितीय के केंद्र पर पद ही नहीं खाली था। सकते में आए डीपीओ ने रिकॉर्डों की छानबीन कराई तो बड़ा खुलासा हुआ। बताया कि भदैंया के पूर्व सीडीपीओ ने बिना रिक्त पद के ही यहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद को वर्ष 2024 में ही दो बार रिक्त दिखाते हुए अपनी रिपोर्ट भेजी थी।
इसके बाद मार्च में केंद्र के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर सिप्तापुर गांव निवासी प्रमिला देवी को नियुक्त कर दिया गया। छानबीन में जानकारी मिलने के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी ने नियुक्ति को रद्द कर दिया।
पद को रिक्त दिखाने वाले पूर्व बाल विकास परियोजना अधिकारी रवीश्वर राव के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए निदेशक को पत्र भेजा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मौजूदा समय में रवीश्वर राव की तैनाती फतेहपुर जिले में है।