अमहट मंडी परिषद में भरा बारिश का पानी। स्रोत-व्यापारी
सुल्तानपुर। जिले में जिले में शनिवार सुबह एक घंटे की तेज बारिश ने शहर से लेकर गांव तक जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। आंधी और बारिश के बाद कई मोहल्लों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार सुबह साढ़े 10 बजे पहले तेज धूल भरी आंधी चली। इसके बाद तेज बारिश शुरू हुई जो कि करीब एक घंटे तक जारी रही। जिले में 27.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। शहर के दरियापुर, खैराबाद, राइन नगर, लखनऊ नाका, जेल मोड़ समेत कई इलाकों में पानी भर गया। बारिश से कई दिनों से गर्मी से बेहाल लोगों को राहत मिली।
किसान राम प्यारे वर्मा, रामकीरत मिश्र, शीतला प्रसाद और अर्जुन कुमार ने कहा कि समय पर हुई बारिश से खेतों की नमी बढ़ेगी। बारिश में अमहट मंडी परिसर एक बार फिर तालाब में तब्दील हो गया। हनुमान गली, सब्जी मंडी गली, फल मंडी गली समेत पूरे परिसर में पानी भर गया। फल-सब्जियों की लोडिंग-अनलोडिंग का काम बाधित हुआ।