जिलाधिकारी से लिपट कर रोते परिजन।
बल्दीराय (सुल्तानपुर)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह भारतीय सेना के सूबेदार सत्यवान सिंह (50) का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस अनियंत्रित होकर खड़ी ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में हलियापुर के जरईकला (माइल स्टोन 79.6) के पास हुए हादसे में जवान के भाई, बेटे, रिश्तेदार और एंबुलेंस चालक की मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर डीएम इंद्रजीत सिंह और एसपी विनीत जायसवाल मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं।
देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र के गैला, दुधिला निवासी सेना के जवान सूबेदार सत्यवान सिंह मेरठ में तैनात थे। चंडीगढ़ स्थित कमांड अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद तीन दिन पहले पंचकुला (चंडीगढ़) में मौत हो गई थी। शनिवार शाम 4:00 बजे परिजन उनका पार्थिव शरीर लेकर दो वाहनों से गांव के लिए रवाना हुए थे। एंबुलेंस शव लेकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जा रही थी, जबकि कार में सत्यवान की पत्नी सरोजिनी सिंह और बेटी दीक्षा सहित अन्य परिजन लखनऊ से अयोध्या मार्ग की ओर निकले थे।
रविवार सुबह 8:30 बजे जरईकला के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा भिड़ी। हादसे में सत्यवान सिंह के भाई राम समुझ सिंह (53), बेटे गौरव सिंह (19), रिश्तेदार सभासद राजन सिंह चौधरी (36) और एंबुलेंस चालक चंडीगढ़ निवासी जसपाल सिंह (28) की मौत हो गई। चालक जसपाल और गौरव सिंह का शव स्टीयरिंग में फंस गया था, यूपीडा कर्मियों ने एंबुलेंस की बॉडी काटकर दोनों के शवों को बाहर निकाला।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। डीएम ने बताया कि दूसरे वाहन में सवार सेना के जवान के परिजन सुरक्षित हैं। सत्यवान सिंह के पार्थिव शरीर को हलियापुर थाने में सुरक्षित रखवाया गया है। उन्हें देवरिया के रुद्रपुर स्थित गांव पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई। जिसमें ट्रक के पीछे से दुर्घटना होना दिख रहा है।
जिलाधिकारी से लिपट कर रोते परिजन।
जिलाधिकारी से लिपट कर रोते परिजन।