रमजान के पवित्र माह में शुक्रवार को रोजेदार अलविदा की नमाज अदा करेंगे। अलविदा की नमाज की तैयारी को लेकर मस्जिदों व ईदगाहों में साफ-सफाई का कार्य पूरा हो गया है। बृहस्पतिवार शाम तक मस्जिदों व ईदगाहों के पास लोग सफाई कार्य में जुटे रहे। वहीं, ईद के त्योहार को लेकर बाजारों की रौनक बढ़ गई है। दिन भर लोग सेवइयां व कपड़ों की खरीदारी में लगे हैं।
शुक्रवार को होने वाली अलविदा की नमाज को लेकर साफ-सफाई की चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। मस्जिदों के आस-पास चूने का छिडक़ाव नगर पालिका की ओर से करवाया गया है। शहर व आस-पास के इलाकों में स्थित ज्यादातर मस्जिदों के पास सफाई करा दी गई। विभिन्न थानों पर आयोजित होने वाली पीस कमेटी की बैठक में प्रशासन व पुलिस महकमे के साथ सामाजिक संगठनों से शांति व्यवस्था के लिए सहयोग की अपील की जा रही है।
वैसे तो जिले में कोई भी इलाका संवेदनशील नहीं है। फिर भी मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में प्रशासन का विशेष ध्यान है। रमजान को लेकर बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। बाजार में सेवइयां, खजूर, फल आदि की दुकानें सज गई हैं।
सफाई को लेकर चेयरमैन ने दिया निर्देश
सुल्तानपुर। रमजान की तैयारियों को लेकर पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने बताया कि सभी सफाई कर्मियों को मस्जिदों व ईदगाहों की सफाई के लिए लगाया है। सफाई के अलावा मार्ग प्रकाश व पेयजल के अच्छे प्रबंध की हिदायत दी गई है।