इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली मेधावी छात्राओं के लिए शासन की ओर से संचालित कन्या विद्या धन योजना का वितरण मौजूदा पंचायत चुनाव की समाप्ति के बाद होगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग जहां वितरण के लिए शासन से प्राप्त लक्ष्य के आधार पर मेधावी छात्राओं का चयन कर चुका है।
तैयारियां पूरी होने के बाद शासन और प्रशासन में वितरण तिथियों को लेकर मंत्रणा चल रही है। सूबे की मौजूदा सरकार सभी बोर्डों से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली मेधावी छात्राओं के लिए कन्या विद्या धन योजना चलाती है।
योजना के तहत चयनित छात्राओं को शासन की ओर से आगे की पढ़ाई के लिए 30 हजार रुपये मिलते हैं। योजना की नई नीति घोषित करने के बाद शासन की ओर से बीते दिनों जिले का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। लक्ष्य में यूपी बोर्ड, संस्कृत बोर्ड, मदरसा बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड व आईसीएसई बोर्ड की 610 छात्राओं को शामिल किया जाना था।
शासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया था कि जाति व वर्ग वार निर्धारित लक्ष्य के अनुसार छात्राओं का चयन करने की कार्यवाही जल्द पूरी करें। शासन के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा विभाग तैयारियों को अंतिम रूप दे चुका है। पंचायत चुनाव समाप्त होने के बाद तत्काल इसका वितरण कर दिया जाए।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. ओपी मिश्र ने बताया कि 610 छात्राओं को योजना का लाभ दिया जा सके इसके लिए शासन से 1.83 करोड़ रुपये पहले ही मिल चुके हैं। तिथियां फाइनल होते ही चयनित छात्राओं को योजना का लाभ प्रदान कर दिया जाएगा।