भदैंया (सुलतानपुर)। कोतवाली देहात क्षेत्र के भुलकी चौराहे के पास एक होटल के बाहर बैठे अधिवक्ता व उनके सगे बड़े भाई पर रविवार शाम करीब आठ बजे अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर असलहा लहराते हुए फरार हो गए। गंभीर हालत में दोनों को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर लाया गया जहां चिकित्सकों ने अधिवक्ता को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में बड़े भाई को लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के लोहरामऊ गांव निवासी अधिवक्ता आजाद अहमद (28) अपने बड़े भाई मुनव्वर अहमद (30) के साथ रविवार शाम भुलकी चौराहे पर एक होटल के बाहर बैठे थे। इसी बीच अचानक एक स्कार्पिओ आकर रुकी। इसके पहले कि दोनों भाई कुछ समझ पाते, बदमाशों ने असलहे से उन पर फायर झोंक दिया।
बताया जा रहा है कि गोली आजाद के सीने व पेट में लगी और वह तुरंत गिर पड़े। मुनव्वर को गोली लगते ही वह भी जमीन पर गिर पड़े। गोली चलते ही आसपास सनसनी फैल गई। गोली मारने के बाद हमलावर हवा में असलहा लहराते हुए फरार हो गए। सीने व जांघ पर गोली लगने से मुनव्वर गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर हालत में दोनों को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर ले जाया गया। चिकित्सक ने आजाद अहमद को मृत घोषित कर दिया जबकि मुनव्वर की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस मौके की छानबीन कर रही है।
पुलिस ने मौके से कई बाइकों व दो चार पहिया वाहनों को कब्जे में लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।