अमेठी। नागरिकता कानून को लेकर चल रहे बवाल के बीच जिले में शांति बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अमला कड़ी मशक्कत कर रहा है। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी सभी नगरीय क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया। अफसर संदिग्धों पर नजर रखने के साथ लगातार सक्रिय भी रहे।
नागरिकता संशोधन कानून बनने के बाद प्रदेश के कई जिलों में हुई हिंसात्मक घटनाओं की आग जिले में नहीं फैल सके इसके लिए प्रशासनिक अमला खासा सतर्क है।
बृहस्पतिवार रात से बढ़ी अफसरों की सक्रियता शुक्रवार के बाद शनिवार को भी दिखाई पड़ी। शनिवार को भी जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों के अलावा कस्बों, मस्जिदों, विद्यालयों व अन्य संवेदनशील स्थलों पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही।
कई बाजारों में अफसरों के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। अफसरों ने संभ्रांत लोगों के साथ-साथ आम ग्रामीणों व शहर वासियों से शांति बनाए रखने की अपील की।
जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेेट के साथ डीएम अरुण कुमार, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, एडीएम वंदिता श्रीवास्तव व एएसपी दयाराम सरोज भी लगातार भ्रमणशील रहे। अफसरों ने जायस व जगदीशपुर कस्बे में स्थित सभी मस्जिदों के मुतवल्लियों से भी मुलाकात की।