सुल्तानपुर। दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों का रविवार देर शाम एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार जायजा लिया। शहर में भ्रमण करते हुए वह सीताकुंड घाट विसर्जन स्थल पर पहुंचे।
उन्होंने स्थानीय अधिकारियों और केंद्रीय पूजा व्यवस्था समिति के पदाधिकारियों से वार्ता कर सोमवार से शुरू होने वाले दुर्गा प्रतिमाओं की ऐतिहासिक विसर्जन यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। एडीजी ने बताया कि विसर्जन के दौरान सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। सीताकुंड घाट पर एसडीआरएफ की टीम और गोताखोर तैनात रहेंगे। सीसीटीवी, ड्रोन सहित अन्य माध्यमों से विसर्जन यात्रा की निगरानी की जाएगी। एडीजी ने नगर क्षेत्र में भ्रमण कर पूजा समितियों से मुलाकात की। इस दौरान डीआईजी सोमेन वर्मा, डीएम इंद्रजीत सिंह, एसपी विनीत जायसवाल, नगर पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल, ईओ लाल चंद्र सरोज मौजूद रहे। (संवाद)