सुल्तानपुर। खरीफ की फसलों के लिए जिले में पर्याप्त यूरिया व डीएपी की उपलब्ध है। कृषि विभाग ने 1488 मीट्रिक टन यूरिया व 1512 मीट्रिक टन डीएपी की उपलब्धता का दावा किया है। खरीफ के मौसम को देखते हुए क्षेत्र की गोदामों पर भी उर्वरक मौजूद है।
मई माह बीतने को है। किसान धान के फसल की रोपाई के लिए नर्सरी डालने की तैयारी में जुटे हैं। इसे देखते हुए शासन ने यूरिया, डीएपी व पोटाश समेत अन्य उर्वरक की रैक जिले में भेज दी है। कृषि विभाग के मुताबिक जिले में पीसीएफ समेत बफर गोदामों में पर्याप्त यूरिया, डीएपी समेत अन्य का स्टॉक मौजूद है। मौजूदा समय में जिले में करीब 1488 मीट्रिक टन यूरिया व 1512 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है।
इसके अलावा अन्य उर्वरक भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। किसान की जरूरतों को देखते हुए कृषि विभाग ने क्षेत्र की दुकानों पर भी डीएपी, यूरिया व अन्य उर्वरक को भेज दिया है। क्षेत्र की सहकारिता की गोदामों के साथ निजी विक्रेताओं के पास पर्याप्त उर्वरक को स्टॉक बताया जा रहा है। खरीफ के मौसम को देखते हुए किसान उर्वरक की खरीदारी भी शुरू कर दिए हैं। कुड़वार के साधन सहकारी समिति की गोदाम पर मौजूदा समय में 25 टन यूरिया व 20 टन डीएपी उपलब्ध है। सेल्समैन देवनारायण यादव ने बताया कि गेहूं खरीद को लेकर और स्टाक रखने में दिक्कत है। गेहूं खरीद बंद होने पर स्टॉक और बढ़ाया जाएगा। इसी तरह अन्य क्षेत्रों में भी खाद की उपलब्धता बताई जा रही है।
उर्वरक की नहीं कमी
उप निदेशक कृषि शैलेंद्र कुमार शाही ने बताया कि जिले में खरीफ के मौसम को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। किसानों को उर्वरक की कमी नहीं होने दी जाएगी। कहा कि बोरे पर लिखे दाम पर ही उर्वरक बेची जा सकेगी। कोई अधिक मूलीय लेता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।