सुल्तानपुर। वाराणसी से उज्जैन जाने वाली महाकाल अप व डाउन एक्सप्रेस में रेलवे ने थर्ड एसी का एक कोच जोड़ दिया है। यह व्यवस्था सितंबर तक रहेगी। इस सुविधा का विशेष लाभ सावन में उज्जैन जाने वाले शिव भक्तों को भी मिलेगा।
चार जुलाई से सावन मास की शुरुआत हो रही है। इस बार सावन का पहला सोमवार 10 जुलाई पड़ रहा है। इस मास में बड़ी संख्या में शिवभक्त पूजन-अर्चन के लिए तीर्थ स्थलों के लिए निकलेंगे। ऐसे में प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से भी शिवधाम जाने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच को प्रायोगिक तौर पर जोड़ा गया है। वाराणसी से उज्जैन के बीच चलने वाली महाकाल अप व डाउन एक्सप्रेस में थर्ड एसी का एक अतिरिक्त एलएचबी कोच जोड़ा गया है।
यह कोच जुड़ने के बाद महाकाल एक्सप्रेस में कुल एलएचबी कोचों की संख्या 17 हो गई। इससे उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में पूजन-अर्चन के लिए जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना अधिक रहेगी। रेलवे के अधिकारियों के अनुसार वाराणसी कैंट से वाया सुल्तानपुर इंदौर तक जाने वाली महाकाल सुपर फास्ट अप एक्सप्रेस में थर्ड एसी का अतिरिक्त कोच जोड़कर 28 सितंबर तक चलाया जाएगा।
वहीं इंदौर से वाराणसी तक जाने वाली महाकाल डाउन एक्सप्रेस में थर्ड एसी का अतिरिक्त कोच जोड़कर 29 सितंबर तक चलाया जाएगा। इस संबंध में उत्तर रेलवे लखनऊ की वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बताया कि दोनों ट्रेनों में तीन माह के लिए प्रायोगिक तौर पर अतिरिक्त कोच लगाया जा रहा है। राजस्व के आधार पर कोच जोड़ने की समय सीमा में विस्तार भी किया जा सकता है।