सुल्तानपुर। जिले के निवासियों को 57.48 करोड़ की लागत से बनेने वाली 56.67 किलोमीटर लंबी आठ नई सड़कों का तोहफा मिला है। शुक्रवार को सांसद मेनका गांधी ने दूबेपुर विकास खंड पर आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बनने वाली इन आठ सड़कों के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में व्याप्त आवागमन की परेशानी से लोगों को काफी हद तक छुटकारा मिलेगा।
ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में में हिस्सेदारी करते हुए सांसद ने कहा कि सड़कें विकास का आईना होती हैं। प्रधानमंत्री ने इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर बहुत ध्यान दिया है। भाजपा सरकार गांवों को अच्छी सड़कों से जोड़ने के साथ ही जिला मुख्यालय को भी फोरलेन व एक्सप्रेस-वे और ब्लॉक व तहसील मुख्यालय को दो लेन की सड़कों से जोड़ने का कार्य कर रही है।
बताया कि जिले की तीन महत्वपूर्ण सड़कों कटका-शंकरगढ मायंग, करौंदीकलां से रवनिया, अहदा- बिरसिंहपुर- बगिया गांव-दियरा - लंभुआ- दुर्गापुर रोड का प्रस्ताव शासन में भेजा गया है। सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के विकास में मदद मिलने के साथ ही लोगों को आवागमन की परेशानी से भी राहत मिलेगी।
इसके पूर्व चौपाल कार्यक्रमों में हिस्सेदारी करते हुए सांसद मेनका गांधी ने सांसद निधि के कराए गए कार्यों की जानकारी देते हुए पीएम मोदी के स्तर से संचालित कार्ययोजनाओं की भी सराहना की गयी। इस मौके पर पीडी केके पांडेय, भाजपा नेता रामचंद्र मिश्र, प्रतिनिधि रणजीत कुमार, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अखिलेश सिंह डिंपल, श्याम बहादुर पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इन सड़कों का होगा निर्माण
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत आठ सड़कों का निर्माण पीएमजीएसवाई की पीडब्ल्यूडी शाखा की ओर से किया जाएगा। बनाई जाने वाली सड़कों में भवानीगढ़ से डेहरियावां-कांपा, बभनगवां से बदरुद्दीनपुर, हरौरा से चंदौर, मायंग से नौगवांतीर, कटका मायंग से महमूदपुर, पिकौरा से कचनावां , करौंदीकलां रवनिया रोड से कटघर पूरे चौहान व रामपुर से पूरे भिखारी मार्ग शामिल है।