सुल्तानपुर। स्वतंत्रता दिवस पर स्कूलों में बच्चों को बांटे जाने वाले लड्डुओं की गुणवत्ता पर प्रशासन सख्त हो गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने व्यापारियों को अधोमानक और गुणवत्ताहीन मिठाई की बिक्री से बचने की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को शहर के एक निजी होटल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी निर्भय नारायण सिन्हा ने की। व्यापारियों ने बताया कि कुछ स्कूल प्रबंधन सस्ती मिठाई खरीदने के चक्कर में लड्डुओं की गुणवत्ता से समझौता करते हैं और बच्चों को अधोमानक मिठाई बांटते हैं।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं होगा। स्कूल प्रबंधनों से विश्वसनीय विक्रेताओं से लड्डू खरीदने, गुणवत्ता परखने और खरीद की रसीद लेने की अपील की। कहा कि 15 अगस्त को बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता पर नजर रखी जाएगी। इस मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप यादव, डीपी गुप्ता, श्याम पोपटानी, शोभित मोदनवाल, गर्वित गुप्ता सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।