सुल्तानपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ के बीच रोडवेज ने बसों की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कमर कस ली है। सुल्तानपुर डिपो से लेकर बस अड्डे तक व्यवस्थाओं की पड़ताल होगी। निर्देश है कि फिटनेस में कमी, टूटे शीशे या फटी सीट वाली बस को सड़क पर नहीं उतारा जाएगा। चालक-परिचालकों को यात्रियों से मृदुल व्यवहार करने की हिदायत दी गई है। अभद्रता और लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम मुख्यालय ने क्षेत्रीय प्रबंधकों, सेवा प्रबंधकों और डिपो प्रभारियों को जन्माष्टमी के मद्देनजर बसों का भौतिक और यांत्रिक परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। जांच में खामी मिलने पर तत्काल मरम्मत कराकर ही बस को संचालन के लिए भेजा जाएगा। चालक और परिचालक ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से वर्दी में रहेंगे।
इन रूटों पर रहेगी नजर
सुल्तानपुर बस अड्डे से अयोध्या, लखनऊ, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और आसपास के जिलों व कस्बों की ओर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। रोडवेज प्रशासन के सामने बसों के नियमित और समयबद्ध संचालन के साथ यात्रियों की भीड़ संभालने की चुनौती रहेगी। डिपो स्तर पर बसों की उपलब्धता और संचालन की निगरानी की जाएगी।
यात्रियों की सुविधा पहली प्राथमिकता
एआरएम सुरेश चंद्र यादव ने कहा कि जन्माष्टमी पर यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। बसों की फिटनेस, साफ-सफाई और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि चालक-परिचालकों को यात्रियों से शिष्ट और मृदुल व्यवहार के निर्देश दिए गए हैं।