सुल्तानपुर। स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से रवाना हो रही साकेत डाउन एक्सप्रेस से गिरे युवक का एक पैर कट गया। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अयोध्या कैंट से लोकमान्य तिलक को जाने वाली साकेत डाउन एक्सप्रेस रविवार दोपहर बाद करीब तीन बजे सुल्तानपुर स्टेशन पर पहुंची थी। प्लेटफार्म नंबर एक से ट्रेन के रवाना होते समय एक युवक उस पर चढ़ने लगा। इस दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। युवक का दाहिना पैर प्लेटफार्म व ट्रेन के डिब्बे के बीच में फंस कर कट गया। रेल यात्रियों ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद ट्रेन को करीब 10 मिनट तक रोका गया। घायल युवक की पहचान मनोज निषाद (25) निवासी फतेहपुर संगत थाना गोसांईगंज के रूप में हुई। जीआरपी ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।