सुल्तानपुर। बाइक सवार दंपती और मासूम बच्चे को मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में बच्चे की मौत हो गई। मां की गंभीर हालत होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जयसिंहपुर क्षेत्र के मैधन गांव निवासी राम सजीवन मंगलवार दोपहर पत्नी पूजा (25), भतीजी अंशिका व तीन माह के बेटे उत्कर्ष के साथ दवा लेने बरौंसा बाजार जा रहे थे। रास्ते में बगिया चौराहे के पास सामने से आ रही पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बाइक सड़क किनारे पलट गई और उस पर सवार पूजा और उत्कर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। राम सजीवन और अंशिका बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल मां और बेटे को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उत्कर्ष को मृत घोषित कर दिया। पूजा की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया है। कोतवाल प्रेमचंद सिंह ने बताया कि पिकअप को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।