पूर्वांचल एक्सप्रेसवे दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हलियापुर के समीप शनिवार को एक रोडवेज बस, कार को पीछे से टक्कर मारते हुए डिवाइडर में घुस गई। हादसे में बस पर सवार सभी यात्री और कार सवार लोग बाल-बाल बच गए। यूपीडा के कर्मियों ने क्रेन की मदद से बस को डिवाइडर से हटाकर किनारे किया।
आजमगढ़ के बूढ़नपुर निवासी प्रदीप गुप्ता अपने दस वर्षीय बेटे यश का लखनऊ के मेदांता अस्पताल से उपचार कराकर घर लौट रहे थे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हलियापुर के 80 किलोमीटर माइल स्टोन के पास रोडवेज बस कार को पीछे से टक्कर मारते हुए डिवाइडर में घुस गई। दुर्घटना में कार पर सवार और बस के सभी 58 यात्री बाल-बाल बच गए। यूपीडा कर्मियों ने बताया कि छह अक्तूबर को भारी बारिश के बाद एक्सप्रेसवे पर हुए गड्ढे को देखते हुए रूट हलियापुर के 80 किलोमीटर के पास से डायवर्ट किया गया है। हल्के वाहन सीधे जा रहे हैं व भारी वाहन को घुमा दिया जा रहा है। कार चालक को जब स्थानीय यूपीडा कर्मियों ने सीधे जाने व पीछे से आ रही रोडवेज बस को दूसरी तरफ घूमने का इशारा किया तो रोडवेज चालक हरिअवध यादव भ्रमित हो गया। इस बीच कार को पीछे से टक्कर मारते हुए बस डिवाइडर से टकराकर गई। बस में सवार सभी यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।