जांच करने पहुंचे एसडीएम और सीओ।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। बकरी चराने निकले दो युवक मंगलवार को हादसे का शिकार हो गए। बरसात से बचने के लिए दोनों युवक एक नलकूप के जर्जर कमरे के नीचे खड़े थे। भवन भर-भराकर दोनों पर ढह गया। चीख-पुकार के बाद खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर और एएसपी ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली।
यह हादसा धम्मौर क्षेत्र के देवराहर में हुआ। गांव के जगलाल का बेटा देवा (19) और झुरऊ का बेटा सिंटू (18) मंगलवार को बकरी चराने के लिए निकले थे। दोनों गांव के बाहर थे, तभी अचानक बरसात शुरू हो गई। बरसात से बचने के लिए दोनों युवक पास के ही नलकूप के कमरे में चले गए। वह काफी जर्जर था। बरसात में कमरा भर-भराकर दोनों युवकों पर ढह गया। खेत में काम करने वाले लोग भाग कर मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर देवा और सिंटू को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम सीपी पाठक और एएसपी विपुल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।