सुल्तानपुर। बल्दीराय क्षेत्र के ग्राम सभा आलामऊ निवासी गुरुचरन उर्फ पुजारी (45) शुक्रवार को गांव की बाग के बगल स्थित कुएं में गिर गया। इस दौरान कुछ लोगों ने गुरुचरन को कुएं में गिरते हुए देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह व पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और दमकल केंद्र को सूचित करते हुए मदद मांगी। इस बीच सिपाही मुकेश रस्सी के सहारे कुएं में उतर गया और किसी तरह से गुरुचरन को सकुशल कुएं से बाहर निकाल लिया। एंबुलेंस की मदद से गुरुचरन को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे छोड़ दिया।