सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हलियापुर व कूरेभार क्षेत्र में हुए हादसों में तीन लोग घायल हो गए। हलियापुर में जहां कार सांड से टकरा गई, वहीं कूरेभार में नींद के झोंके में बाइक सवार डिवाइडर से टकरा गए। यूपीडा टीम ने पहुंचकर राहत व बचाव कार्य किया है।
बिहार के बक्सर जिले के पिपरागढ़ निवासी उमाशंकर (26) व विनय राय (35) बाइक से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते लखनऊ से अपने घर वापस जा रहे थे। शुक्रवार शाम दोनों कूरेभार थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि झपकी आने से बाइक डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी की बाइक के परखचे उड़ गए और दोनों सड़क पर गिर गए। गनीमत रही कि दोनों की जान बच गई। दोनों को गंभीर चोट आई है। यूपीडा कर्मियों ने एंबुलेंस से दोनों को कूरेभार सीएचसी भेजवाया। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया।
उधर, अमेठी जिले के जायस कोतवाली ओडवा निवासी अमित सिंह कार से अमेठी से अंबेडकरनगर जा रहा था। हलियापुर थाना क्षेत्र के डेहरियावा के निकट सांड से कार टकरा गई। हादसे में अमित को भी चोट आई है। यूपीडा कर्मियों ने कार को खीचकर हलियापुर टोल पर खड़ा करा दिया है। अमित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।