कूरेभार (सुल्तानपुर)। सोनारा गांव में मंगलवार को एसयूवी में चाबी छोड़ना हादसे का सबब बन गया। घर की बाउंड्रीवाॅल में खड़ी एसयूवी को आठ वर्षीय बेटे ने स्टार्ट करके दौड़ा दिया, जिसकी चपेट में उसकी मां, पिता और बहन आ गए। गंभीर हालत में तीनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने मां को मृत घोषित कर दिया। हादसे में वाहन पर सवार बेटा बाल बाल बच गया।
गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के सोनारा (पूरे बरवन) निवासी वहीद का एक बेटा शहर से सटे पांचोपीरन निवासी एक व्यक्ति की एसयूवी चलाता है। मंगलवार की शाम वहीद का बेटा एसयूवी लेकर घर पहुंचा था और उसे घर की बाउंड्रीवाल के अंदर खड़ी करके कमरे में चला गया। इस बीच वाहन में चाबी छूट गई, जिसे वहीद का आठ वर्षीय बेटा पा गया और वाहन में लगाकर स्टार्ट कर दिया।
एसयूवी स्टार्ट होने के बाद बच्चे का पैर एक्सीलेटर पर पड़ा और वाहन ने फर्राटा भर दिया। जिसकी चपेट में बाउंड्रीवाॅल के अंदर मौजूद वहीद (50), पत्नी शकीला (50), बेटी साहिमा (14) आ गए। इसके बाद एसयूवी बाउंड्रीवाल से टकराकर बंद हो गई। घर में मौजूद लोग भागकर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल तीनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने शकीला को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर चले आए। हादसे में एसयूवी चला रहा बालक बाल बाल बच गया।