गौरीगंज (अमेठी)। शहर के जवाहर नवोदय विद्यालय में जनवरी 2018 में हुए छात्र अभय सिंह की हत्या के मामले में बंद पड़ी मजिस्ट्रेटी जांच ने गति पकड़ ली है। एसडीएम ने पिछले दिनों 40 लोगों को नोटिस देकर बयान दर्ज कराने की चेतावनी दी तो स्कूल में हड़कंप मच गया।
नोटिस के बाद दो दिनों में नौ लोगों ने एसडीएम के समक्ष पेश होकर घटना के संबंध में अपने बयान दर्ज कराए। एसडीएम ने शेष स्टाफ के लोगों के बयान दर्ज होने के बाद स्थानीय लोगों से जानकारी हासिल करने की कोशिश शुरू कर दी है।
जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र अभय सिंह की 13/14 जनवरी 2018 की रात हुई हत्या के मामले की मजिस्ट्रेटी जांच ने गति पकड़ ली है। एसडीएम गौरीगंज ने बंद पड़ी जांच को पूरा करने के लिए पिछले दिनों स्कूल के तत्कालीन स्टाफ के 40 लोगों को चिह्नित कर घटना के संबंध में बयान दर्ज करवाने की नोटिस जारी किया था।
नोटिस मिलने के बाद स्कूल में हड़कंप मचा गया। कार्रवाई के भय से स्कूल के नौ शिक्षकों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपने बयान दर्ज कराये। एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि शेष अन्य स्टाफ का बयान दर्ज करने के बाद स्थानीय लोगों से घटना संबंधी जानकारी एकत्र कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
एसडीएम ने बताया कि फिलहाल अभी तक दर्ज बयान में कोई जानकारी प्रकाश में नहीं है। सभी का बयान एक समान है। बयान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद क्रॉस चेकिंग कर गलत बयान दर्ज करवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।